बंदीरक्षकों की भर्ती के बदलेंगे मानक
राज्य ब्यूरो, देहरादून: जेलों में बढ़ रहे अपराधों को देखते हुए अब जेल प्रशासन बंदी रक्षकों की भर्ती
राज्य ब्यूरो, देहरादून: जेलों में बढ़ रहे अपराधों को देखते हुए अब जेल प्रशासन बंदी रक्षकों की भर्ती के मानकों को बदलने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत बंदीरक्षकों की भर्ती के लिए अब पुलिस के समान ही शारीरिक दक्षता के मानक रखने की तैयारी है। इसके अलावा भर्ती की आयु भी 21 से 35 वर्ष किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
प्रदेश में इस समय बंदीरक्षकों की खासी कमी चल रही है। अभी नियमित बंदीरक्षकों के अलावा होमगार्ड्स व पीआरडी के जवान इस दायित्व को निभा रहे हैं। जेलों में अपराधियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से पुलिस से सौ जवान मांगे गए हैं। साथ ही जेल प्रशासन की ओर से शासन को भी 350 बंदीरक्षकों की भर्ती के लिए पत्र भेजा गया है। अब जेल प्रशासन बंदीरक्षकों की भर्ती के लिए मानक भी बदलने की तैयारी में है। दरअसल, अब जेलों में जिस प्रकार से अपराधी हावी होने का प्रयास कर रहे हैं, उसे देखते हुए अब मजबूत कठ काठी के बंदीरक्षकों को रखने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसके लिए भर्ती में शारीरिक दक्षता के मानक बढ़ाने पर विचार चल रहा है। जेल प्रशासन की ओर से इसके लिए एक प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसमें बंदीरक्षकों की शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानक और आयु के मानक बदलने का अनुरोध किया गया है। माना जा रहा है कि बंदीरक्षकों की भर्ती को हरी झंडी मिलने के साथ ही भर्ती के लिए संशोधित मानकों के लिए भी निर्देश जारी किए जा सकते हैं। आईजी जेल डा. पीवीके प्रसाद ने इस प्रकार का प्रस्ताव भेजे जाने की पुष्टि की है।