कांग्रेस नेत्री पूनम का निधन
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री व राज्य आंदोलनकारी पूनम उनियाल का बीमारी के बाद निधन
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री व राज्य आंदोलनकारी पूनम उनियाल का बीमारी के बाद निधन हो गया। पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनके निधन पर शोक जताया।
महिला कांग्रेस लीगल सेल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम उनियाल (53 वर्ष) बीते तीन माह से बीमार चल रही थी। आवास विकास वीरभद्र मार्ग स्थित आवास पर सोमवार की सुबह करीब चार बजे उनका निधन हो गया। मुनिकीरेती पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र आकाश उनियाल ने चिता को मुखाग्नि दी। पूनम उनियाल के पति डॉ. आरपी उनियाल यहां के वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। आयुष व आयुर्वेदिक चिकित्सा परिषद के सदस्य भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। पूनम उनियाल राज्य आंदोलनकारी होने के साथ साहित्यकार भी थी। संगठन में उनकी गिनती निष्ठावान कार्यकर्ताओं की जाती थी। मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से उनके ओएसडी आनंद बहुगुणा ने पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व कबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जोत सिंह गुनसोला, पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, मुनिकीरेती के पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, दायित्वधारी अनिता वशिष्ठ, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला आदि ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।