संक्षिप्त समाचार
लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
देहरादून: नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने बीपीएड बेरोजगारों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व बीपीएड बेरोजगारों की मुख्यमंत्री से वार्ता हो चुकी थी। लिहाजा, सरकार को उनकी मांगों पर विचार कर कार्यवाही कर देनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले तो वायदा करती है और फिर वायदाखिलाफी कर आंदोलन के लिए बाध्य करती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बदरीनाथ नेशनल हाईवे खोजने के लिए आपदा संघर्ष समिति के आंदोलन के बाद भी सरकार नहीं चेत रही। यदि जल्द हाईवे नहीं खोजा गया, तो इस आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
केंद्र की उपलब्धियों का होगा प्रचार
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा जनहित में किए कार्यो को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय किया है। भाजपा प्रदेश साहित्य एवं प्रकाशन प्रकोष्ठ की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। प्रदेश संयोजक विनोद उनियाल ने कहा कि पार्टी की नीतियों के प्रचार प्रसार व केंद्र की उपलब्धियों के प्रचार के लिए ठोस कार्यक्रम बनाए जाएंगे। उन्होंने नकरौंदा में अंकित हत्याकांड व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष खजान दास, सावित्री काला, उमा जोशी, डा. सपना डोभाल आदि मौजूद थे।