दिल्ली के तीन पर्यटकों की मौत
जागरण टीम, देहरादून: टिहरी और देहरादून जनपदों में अलग-अलग सड़क हादसों में दिल्ली के तीन पर्यटकों समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पहली दुर्घटना बुधवार देर रात मसूरी-टिहरी बाईपास पर बाटाघाट के पास हुई, जिसमें धनोल्टी से लौट रहे तीन पर्यटकों की मौत हुई, जबकि दूसरी घटना गुरुवार देर शाम दूसरी घटना टिहरी के सुआखोली में हुई, जिसमें दो सगे भाइयों समेत चार की मौत हो गई। वहीं, देहरादून के कालसी क्षेत्र में जुड्डो के पास बुधवार देर रात यूटीलिटी खाई में गिरने से दो की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात शाहदरा, दिल्ली निवासी पांच पर्यटक आइ-20 में धनोल्टी से लौट रहे थे। बाटाघाट के समीप टिहरी बाईपास रोड पर उनकी कार अनियंत्रित हो करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कोहरा और अंधेरा होने के कारण रात में हादसे का पता नहीं चला। गुरुवार सुबह वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने खाई से चिल्लाने की आवाज सुनी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खाई में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुई। बाद में आइटीबीपी की मदद ली गई और आइटीबीपी के सहायक सेनानी बलविंदर सिंह के नेतृत्व में 21 सदस्यीय टीम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वाहन सवार तीन पर्यटकों नीटू राम, रामू और अमित की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि घायलों को तत्काल लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया। घायलों के नाम मुकेश गोयल और पंकज शर्मा बताए गए। मुकेश ही वाहन चला रहा था। वह चन्द्रलोक, शाहदरा दिल्ली का रहने वाला है। रेसक्यू दोपहर लगभग पौने 12 बजे शुरू हो पाया जो सायं लगभग चार बजे तक चला।
उधर, बुधवार रात ही कालसी में जुड्डो के पास एक यूटीलिटी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार बुधवार को नौगांव से लक्ष्मी प्रसाद बहुगुणा पुत्र रामप्रसाद बहुगुणा व दिनेश (22 वर्ष) पुत्र भूमदास निवासीगण ग्राम तियां तहसील बड़कोट, पुरोला, उत्तारकाशी यूटीलिटी (यूए 07एल-1054) में विकासनगर मंडी टमाटर बेचने आए थे। देर रात लौटते समय दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर जुड्डो के पास यूटीलिटी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसमें दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह करीब सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
वहीं, टिहरी जिले के अंतर्गत धनोल्टी- सुआखोली मार्ग पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक सुआखोली के निकट चलचला गांव के ग्रामीण अल्टो से धनोल्टी की तरफ किसी काम से गए थे। रात को वापस लौटते समय धनोल्टी से करीब एक किलोमीटर मसूरी की तरफ करीब साढ़े आठ बजे उनकी कार खाई में गिर गई। दुर्घटना का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण व राजस्व पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना में जगत सिंह (37), भाग सिंह (30), मदन सिंह (41), गंभीर सिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उदय सिंह (35) को मसूरी अस्पताल भेजा गया है। इसमें मदन सिंह, गंभीर सिंह व उदय सिंह सगे भाई हैं। एसडीएम देवानंद ने बताया कि शवों को खाई से बाहर निकाला जा रहा है।