दो साल में दोगुना हुई खंडूडी की संपत्ति
राज्य ब्यूरो, पौड़ी
गढ़वाल संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूड़ी की चल-अचल संपत्ति दो साल में 1.64 करोड़ से तकरीबन दोगुना बढ़कर 3.27 करोड़ हो गई है। करोड़पति खंडूड़ी की पत्नी अरुणा खंडूड़ी भी इस अवधि में करोड़पति की कतार में शामिल हो चुकी हैं। वाहन के नाम पर उनके पास डेढ़ लाख लागत की एक टोयटा क्वालिस कार है। नई दिल्ली रंगपुरी में उनकी साठ लाख लागत की भूमि व आरके पुरम में 1.45 करोड़ का आवासीय भवन है, जबकि उनकी पत्नी अरुणा खंडूड़ी के पास 1.74 करोड़ की संपत्ति है। खंडूड़ी कर्जदार नहीं हैं।
वर्ष 2012 में विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी के पास कुल चल-अचल संपत्ति तकरीबन 1.64 करोड़ थी। इसमें चल संपत्ति की हिस्सेदारी 96,86,466.93 रुपये और अचल संपत्ति 68 लाख रुपये थी। वर्ष 2014 तक चल संपत्ति बढ़कर क्रमश: 1.22 करोड़ और अचल संपत्ति 2.05 करोड़ तक पहुंच चुकी है। इस अवधि में खंडूड़ी और उनकी पत्नी का बैंक बैलेंस बढ़ा है। उनकी पत्नी श्रीमती अरुणा खंडूड़ी की परिसंपत्तियों की कुल कीमत 87.75 लाख से बढ़कर 1.74 करोड़ हो गई है। अलबत्ता, श्रीमती खंडूड़ी के पास जेवर बढ़ने के बजाए घटे हैं। वर्ष 2012 में 34.44 लाख रुपये कीमत के जेवरात थे, जबकि अब उनके पास 30.90 लाख कीमत के जेवरात हैं।
वर्ष 2014 में भाजपा प्रत्याशी भुवनचंद्र खंडूड़ी की संपति का ब्योरा
नकद- 37 हजार
बैंक जमा-55.83 लाख
शेयर-66.59 लाख
अचल संपति-2.05 करोड़
पत्नी अरुणा के पास संपत्ति
नकद-35 हजार
बैंक-1.12 करोड़
शेयर-30.64 लाख
जेवर-30.90 लाख