तेज हवा के साथ बारिश से फसलों को नुकसान
संवाद सूत्र, चकराता: गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश से गेहूं व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा। बागवानों के अरमानों पर भी पानी फिर गया। बारिश होने से चकराता बाजार का तापमान दस डिग्री तक गिर गया। इससे एक बार फिर ठिठुरन बढ़ने से गर्म कपड़े निकालने पड़ गए। मैदानी क्षेत्रों से आए पर्यटक व गांव से गनियात मेले के लिए चकराता आए लोगों को ठिठुरना पड़ा।
बुधवार रात चकराता क्षेत्र में छाए बादलों के बीच गुरुवार सुबह अचानक तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे गेहूं की फसलें गिर गई। फल व फूल टूटकर गिरने से बागवानों के आरमानों पर पानी फिर गया। खेतों में पकी गेंहू की फसलों के साथ ही टमाटर की फसलें भी नष्ट हो गई। बागवानों की आम, लीची, आडू, पुलम व खुमानी की फसलों को भी नुकसान पहुंचा। एक घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश से फसलों को नुकसान देख किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। वहीं, बारिश शुरू होने से चकराता बाजार का तापमान नीचे गिर गया। इससे लोगों को एक बार फिर गर्म कपडे निकालने पड़ गए। चकराता घूमने आए पर्यटक व गांव से ठाणा डांडा गनियात के लिए आने वाले लोगों को ठंड से ठिठुरते देखा गया। चकराता निवासी डॉ. सरदार सिंह चौहान, दिनेश चंादना, अमित जोशी आदि का कहना है कि इस वर्ष अप्रैल के द्वितीय पखवाड़े में भी शीतकाल जैसी ठंड होने से लोग ठिठुर रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों में जहां लोग कूलर, पंखों का सहारा ले रहे हैं, वहीं यहां पर अभी तक कंबल ओढ़ने की स्थिति बनी हुई है।