दस लाख तक के कार्य लोकल ठेकेदारों को
जागरण प्रतिनिधि, विकासनगर: मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने कहा पछवादून व जौनसार-बावर के सीमावर्ती क्षेत्र में बनने जा रही 120 मेगावाट की व्यासी जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्यो में स्थानीय ठेकेदारों को वरीयता दी जाएगी। मुख्य सचिव (सीएस) ने बांध परियोजना क्षेत्र में दस लाख तक के निर्माण कार्यो को स्थानीय ठेकेदारों से कराने की बात कही। सीएस ने क्षेत्रीय लोगों को उनकी प्रमुख समस्याओं पर जल्द विचार कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
यमुना नदी पर बनने वाली 120 मेगावाट क्षमता की व्यासी जल विद्युत परियोजना के शुभांरभ अवसर पर शनिवार को हथियारी आए राज्य के मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष उत्तराखंड जल विद्युत निगम सुभाष कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा बांध परियोजना से प्रभावितों का समुचित ढंग से विस्थापन किया जाएगा। सीएस ने कहा बांध परियोजना क्षेत्र में कराए जाने वाले दस लाख तक की लागत के निर्माण कार्यो को स्थानीय ठेकेदारों के माध्यम से कराए जाएंगे। बांध परियोजना से प्रभावितों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। क्षेत्रीय लोगों के बांध प्रभावितों को नौकरी देने की मांग पर मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने उनकी प्रमुख मांगों पर जल्द विचार कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा परियोजना के निर्माण से पर्वतीय क्षेत्र के सैकडों ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त होगा। सीएस ने पत्रकारों को बताया कार्यदायी संस्था यूजेवीएन लि. बांध परियोजना क्षेत्र में दस लाख तक के निर्माण कार्यो को लोकल ठेकेदारों से कराएगी। उन्होंने कहा सरकार लघु परियोजनाओं के जरिए उत्तराखंड को ऊर्जा व पर्यटन राज्य के रुप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर