खुशहाली की मन्नतें
जागरण प्रतिनिधि, कालसी: जौनसार बावर क्षेत्र में देव पर्व जागड़ा रविवार को तीन देव स्थलों में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। हजारों लोगों ने महासू देवता के मंदिरों में जाकर परिवार की सुख स्मृद्धि की मन्नतें मांगी। देव पालकियों के दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
बिसाई गांव में रात को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। जौनसार बावर क्षेत्र के कालसी ब्लॉक अंतर्गत बिसोई, लखवाड़ व लखस्यार गांवों में स्थापित महासू मंदिरों में रविवार को देव पर्व जागडे़ को धूमधाम के साथ मनाया गया। तीनों मंदिरों में अलग अलग घड़ी में महासू देवता के जयकारों व लोक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ देव पालकियों को श्रद्धालुओं के दर्शन को मंदिर से बाहर निकाला गया। उनके दर्शनों के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। लखस्यार मंदिर में देवलगनानुसार नौ बजे ढोल बाजों के साथ देव पालकी मंदिर से बाहर निकली तथा देवपाणी नामक स्थल पर देव स्नान कराने के बाद वापस देव प्रांगण में लाया गया तथा हजारों श्रद्धालुओं ने देवदर्शन कर मन्नतें मांगी। लखवाड़ में सवा नौ बजे देव पालकी बाहर निकली तथा हजारों लोगों ने पूरे दिन देव दर्शन किए। पालकी को कंधा लगाकर पुण्य कमाने की होड़ लगी रही। बिसोई नागथात में महासू देवता की पालकी साढे़ नौ बजे जयकारों के साथ मंदिर से बाहर निकाली गई तथा देव स्नान कराने के बाद उत्ताराखंड के अलावा हिमाचल व हरियाणा राज्यों से आए हजारों लोगों ने देव दर्शन कर मन्नतें मांगी।
जागड़े पर्व पर राजेश्वर सिंह, पंडित मुन्ना लाल नौटियाल, महावीर सिंह राठौर, तारादत्ता, भजन सिंह तोमर, नरेश चौहान, शूरवीर सिंह, भाव सिंह, रणवीर सिंह, दिनेश चौहान आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर