कथा से पूर्व निकाली कलश यात्रा
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
शुक्रवार को श्यामपुर में भागवत कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा से पूर्व त्रिवेणी घाट से कथास्थल तक भव्य कथायात्रा निकाली गई।
शुक्रवार को व्रती महिलाएं जल कलश लेकर त्रिवेणी घाट पहुंची। यहां विधि विधान के साथ गंगाजल से कलश भरे गए। जिसके बाद शोभायात्रा कथा स्थल के लिए रवाना हुई। विधिवत घट स्थापना व कलश पूजन के पश्चात कथा यज्ञ का आरंभ किया गया। कथा के पहले दिन कथा मर्मज्ञ डॉ. बृजेश महाराज ने कहा कि कलियुग में भागवत कथा ही मोक्ष के द्वार खोलती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा सुनने मात्र से ही मनुष्य जन्म जन्मांतर के बंधन से मुक्त हो जाता है। इस अवसर पर बाल व्यास महामाया शास्त्री ने कहा कि मनुष्य को अपनी दिनचर्या में से प्रभु भजन के लिए अवश्य समय निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोह माया का बंधन ही मनुष्य को पूरी उम्र भगवान से पृथक रखता है। मगर, हमारे पुराण और उपनिषद ही वह कुंजी है जो मनुष्य को सही मार्ग के दर्शन कराते हैं। इस अवसर पर संदीप राणा, कुलदीप सिंह राणा, कमला देवी, रमा देवी आदि उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर