पानी भरने के लिए बर्तनों की लाइन
जागरण संवाददाता, चम्पावत : समय - सुबह आठ बजे। स्थान - गोल्ज्यू मंदिर के पास बना पानी का स्टै
जागरण संवाददाता, चम्पावत :
समय - सुबह आठ बजे।
स्थान - गोल्ज्यू मंदिर के पास बना पानी का स्टैंड पोस्ट।
तस्वीर - पानी भरने के लिए बर्तनों की लाइन।
स्थिति - धीरे-धीरे नल में आ रहा पानी और एक दर्जन से ज्यादा बर्तनों के भरने का इंतजार।
कुछ ऐसा ही हाल था नगर पालिका के मुख्य वार्ड गोरलचौड़ का। इस वार्ड में दो दिन छोड़कर लोगों को पानी मिल रहा है। स्टेशन से शुरू होता हुआ यह वार्ड आरएफसी गोदाम तक आता है। इस वार्ड में लगभग तीन हजार से ज्यादा की आबादी है। यहां हर साल पानी के लिए हाहाकार मचता है। फरवरी माह शुरू हो जाते ही यहां पानी की किल्लत बढ़ जाती है और गर्मी आते-आते लोग पानी के लिए तरस जाते हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जल संस्थान ने पिछले वर्षो तक टैंकर व पिकअप के जरिए लोगों को पानी मुहैया कराया। अभी इस वार्ड में दो दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। आधे से एक घंटे तक ही नलों में पानी आ रहा है। पानी आते ही लोग नलों पर पानी भरने के लिए टूट पड़ रहे हैं। गोल्ज्यू मंदिर के पास लगे स्टैंड पोस्ट पर गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र से लगे करीब 15 परिवार निर्भर हैं। यहां सुबह पानी आते ही लोगों की भीड़ लग जा रही है। लोग पानी भरने के लिए बर्तनों की लाइन लगा रहे हैं। आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहराने के आसार हैं।
=== इनसेट ===
पेयजल स्रोतों का डिस्चार्ज कम होने से जल संकट की नौबत आ रही है। दो दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। स्टैंड पोस्टों के जरिए नियमित पानी की सप्लाई की जा रही है। ताकि लोगों को ज्यादा दिक्कतें न हों। विभाग लोगों को पानी मुहैया कराने के लिए अपने स्तर से प्रयासरत है।
- विशाल सक्सेना, ईई, जल संस्थान चम्पावत।