वन विभाग की पकड़ में नहीं आया बाघ
संवाद सूत्र, टनकपुर: दो महिलाओं को अपना शिकार बना चुका बाघ अभी भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। बाघ को
संवाद सूत्र, टनकपुर: दो महिलाओं को अपना शिकार बना चुका बाघ अभी भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने एक और पिंजरे लगा दिया है। वहीं लोगों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है।
24 घंटे बाद भी बाघ के आतंक से लोग डरे सहमे है। वन विभाग लगातार बाघ पर नजर लगाए हुए है। घटना के बाद से बाघ किसी को नही दिखाई दिया है। ऐसा लग रहा है कि शायद बाघ घने जंगलों की ओर कही भाग गया है। बाघ के मानव बस्तियों की ओर आने और उन पर हमला कर शिकार बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखकर ऐसे कयास लगाए जा रहे है कि वह यहां दोबारा जरूर आएगा। इसी कारण लोगों से एतियात बरतने की अपील की गई है। उन्हें जंगल की ओर न जाने के लिए कहा जा रहा है। शाम होने पर बच्चों को घर से अकेले नहीं जाने देने को कहा जा रहा है। बीते सोमवार की रात बाघ ने द्वावन के जंगल में हमला कर महिला राधा देवी का शिकार कर लिया था। मृतका का पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मृतका बीट वाचक धन सिंह की पत्नी थी।
एक में कटरा एक पिंजरे में बकरा
टनकपुर: बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने एक पिंजरे में कटरा और एक पिंजरे में बकरा रखा है। पहले दिन पिंजरे में कटरा रखा गया था। जब वह उसे देखकर नहीं ललचाया तो अब दूसरे पिंजरे में बकरा रखा गया है। देखना है कि बाघ कब तक पिंजरे में फंसता है।
सीसीटीवी कैमरों की संख्या हुई 12
टनकपुर: बस्तिया और ककरालीगेट पर वन विभाग ने बाघ की गतिविधि पर नजर रखने के लिए 6 सीसीटीवी कैमरे पहले ही लगा दिए थे। अब घटना के बाद 6 सीसीटीवी और लगा दिए है। इन कैमरों से उसकी हर हरकत पर नजर रखा जा सकता है। अगर वह यहां आएगा तो इन कैमरों की नजर से नहीं बच पाएगा।
सुबह-शाम चहल पहल हुई कम
टनकपुर: एनएच सड़क मार्ग से लगे जंगल में बाघ के महिला को मारने की घटना के बाद से जहां लोगों में भय का माहौल बना हुआ हैं। वहीं इस मार्ग के अलावा ककरालीगेट व आमबाग मार्ग में भी सुबह व सांय टहलने वाले लोगों की आवाजाही कम हो गई हैं। गर्मी के मौसम में ठंडी हवा खाने के लिए यहां कई लोग आया करते थे। घटना के बाद सब सहमे हुए है।
बाघ को पकड़ने के लिए एक और पिंजरा जंगल में लगा दिया गया हैं। उस पर पल-पल की नजर रखी जा रही है। लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
ख्याली राम, रेंजर शारदा वन रेंज