एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन कर खुले में जल रहा कूड़ा
संवाद सहयोगी, चम्पावत : नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की जिला मुख्यालय में ही धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सुब
संवाद सहयोगी, चम्पावत : नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की जिला मुख्यालय में ही धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सुबह के समय सड़कों के किनारे पड़े कूड़े-कचरे में आग लगाई जा रही है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है। सड़कों पर कई जगह कूड़ा फेंका जा रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
खुले में कूड़ा-करकट, प्लास्टिक जलाने पर एनजीटी ने सख्ती से प्रतिबंध लगा रखा है। खुले में कूड़ा-प्लास्टिक आदि जलाने वालों पर जुर्माने का भी प्रावधान है। बावजूद इसके खुले में कूड़ा जलाकर नियमों की अनदेखी की जा रही है। शनिवार की सुबह स्टेशन के पास कूड़े के ढेर में आग लगा दी। इसके चलते सुबह सैर को जाने वाले लोगों व राहगीरों को बदबू युक्त धुएं का सामना करना पड़ा। इससे वातावरण भी प्रदूषित हुआ। जागरूक लोगों का भी कहना है कि खुले में कूड़ा, प्लास्टिक आदि जलाने वालों पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। सुबह की हवा को स्वास्थ्य के लिहाज से उत्तम माना जाता है लेकिन धुएं के चलते लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ता है।
सड़कों पर कुछ स्थान कूड़ा डालने के लिए चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा कनल गांव, छतार, जूप, भैरवा चौराहा में कूड़ा नहीं डालने के नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं। खुले में कूड़ा, प्लास्टिक जलाने पर जुर्माने का प्रावधान है। पालिका के सफाई कर्मियों को कूड़े में आग लगाने के लिए मना किया गया है।
अभिनव कुमार, ईओ नगर पालिका