खेतीखान महोत्सव में मेरी दुर्गा हरागे ..
संवाद सहयोगी, लोहाघाट : खेतीखान में चल रहे पांच दिवसीय 17वें दीप महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या
संवाद सहयोगी, लोहाघाट : खेतीखान में चल रहे पांच दिवसीय 17वें दीप महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या आंचल कला केंद्र हल्द्वानी के कलाकारों के नाम रही। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुति दी। ठंड के बावजूद दर्शकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया।
सांस्कृतिक संध्या का आगाज मुख्य अतिथि पहुंचे विधान सभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने करते हुए कहा कि इस तरह के महोत्सव संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कम संसाधनों के बीच महोत्सव का आयोजन करने के लिए कमेटी की काफी सराहना करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद दल नायक मोहन पांडेय के नेतृत्व में आंचल कला केंद्र हल्द्वानी के कलाकारों ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गायक अमित गोस्वामी ने बेड़ू पाको बार मासा और खेतीखान महोत्सव में मेरी दुर्गा हरागे सहित कलाकारों ने पंजाबी, गढ़वाली, जौनसार, नंदाराज जात की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा में चार चांद लगा दिए। कलाकारों का दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। गुरुकुलम एकेडमी के छात्रों द्वारा सूर्य नमस्कार सहित योगा के कई करतब दिखाये गए।
इससे पूर्व महोत्सव समिति के अध्यक्ष पुष्कर सिंह पुजारी, नवीन बोहरा, नवीन कलखुड़िया, सुशीला बोहरा, नीरज बोहरा, नवल कलखुड़िया आदि ने विधान सभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख लक्ष्मण सिंह लंमगड़िया व ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता रहे। संचालन गोपी मनराल द्वारा किया गया।