किसानों को मिले मुआवजा
जागरण संवाददाता, लोहाघाट : विधान सभा अध्यक्ष गोबिंद सिंह कुंजवाल ने अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से फसलों क
जागरण संवाददाता, लोहाघाट : विधान सभा अध्यक्ष गोबिंद सिंह कुंजवाल ने अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर किसानों के प्रति सहानुभूति जताई है। उनका कहना है कि इस बार बेमौसम बारिश के कहर से राज्य में बड़े पैमाने पर खड़ी फसलों एवं फल-पौधों को नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार किसानों को राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि नुकसान की रिपोर्ट भेजने के बाद भी केंद्र ने अभी तक सहायता उपलब्ध नहीं कराई है।
पाटी ब्लाक के कनवाड़ गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता टीका सिंह राणा की लड़की की शादी में शिरकत करने पहुंचे विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि आपदा से नुकसान उठा चुके किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। आने वाले दो वर्षो में राज्य की दशा और दिशा दोनों बदल जाएंगे। इससे पूर्व उन्होंने बारिश व ओलावृष्टि से क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लिया। दान सिंह राणा, विशन चम्याल, हयात सिंह बिष्ट, प्रेम सिंह राणा आदि ने कुंजवाल का स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर एसडीएम जसवंत सिंह राठौर, सीओ केएस रौतेला, एएसडीएम निर्मला बिष्ट भी मौजूद थे।