जै हो बाला गोरिया तेरी महिमा महान..
चम्पावत : सुप्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ की भूमि सीमांत के मंच में गुरु गोरखनाथ दीप महोत्सव का रंगारंग आगाज
चम्पावत : सुप्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ की भूमि सीमांत के मंच में गुरु गोरखनाथ दीप महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। प्रकाश रावत एंड पार्टी ने अपने गीतों व कार्यक्रमों से देर रात तक धूम मचाई। विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि तल्लादेश को मल्लादेश बनाने की यात्रा रुकने नहीं दी जाएगी।
जीआइसी मंच के मैदान में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ विधायक व संसदीय सचिव हेमेश खर्कवाल ने किया। उन्होंने बताया कि मैदान निर्माण को बीआरजीएफ से पांच लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तल्लादेश को मल्लादेश बनाने के प्रयास जारी हैं। 20 करोड़ रुपये की लागत से तामली तक हॉटमिक्स सड़क बनाने का काम तेजी से चल रहा है। मंच में आइटीआइ का निर्माण भी शीघ्र शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत बचाने को इस तरह के आयोजन होना बेहद जरूरी है। जीआइसी मंच की छात्राओं ने वंदना प्रस्तुत की।
पिथौरागढ़ से आए गायक प्रकाश रावत ने गोलू देवता की वंदना 'जै हो बाला गोरिया, तेरी महिला महान..' कर कार्यक्रमों का आगाज किया। इसके बाद 'लठी टेक दे बोजो बोक दे..', 'सुनकी थाली मां पितलिया टांको लाग्यो सुनकी थाली मां..' गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। डीडीहाट की लोकगायिका शिल्पी सौराड़ी ने 'ठंड को महीनो आगो, कसीं रूलो एकलि त्वे बिना..' पर खूब तालिया बटोरी। बुजुर्ग कलाकार राजकिशोर सिंह ने हास्य व्यंग सुना कर लोगों को लोटपोट कर दिया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष अर्जुन सिंह, विपिन जोशी, रघुवर दत्त जोशी, राजू सिंह, सुंदर सिंह, पूरन कठायत, मोहन जोशी, अशोक कार्की, दलीप सिंह, कैलाश सिंह, बचन सिंह, विनोद सिंह, उदय सिंह, माधो सिंह, मोहन जोशी, सुंदर सिंह, विनोद सिंह, मोधो सिंह, उदय सिंह, बची सिंह, श्याम सिंह, जीवन गिरी, भुवन पेनरू आदि मौजूद रहे।