खाई में गिरी बोलेरो, चार घायल
लोहाघाट : पाटी ब्लाक में देवीधुरा मार्ग पर शाम करीब सवा पांच बजे एक बोलेरो कार खाई में गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सवार चार लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से पीएचसी पाटी लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों जख्मी लोगों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
मंगलवार को शाम पाटी से देवीधुरा जा रही बोलेरो(यूके04पी4555) पाटी से कुछ दूरी पर मस्टा मंदिर के समीप लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बोलेरो चालक कमल सिंह नेगी(28) पुत्र जवाहर सिंह नेगी, जगदीश सिंह नेगी(30) पुत्र गोपाल सिंह नेगी, राजेंद्र राम टम्टा(50) पुत्र दानी राम, कमलेश पंत(26) पुत्र देवी दत्त पंत घायल हो गए। हादसे की सूचना पर एकजुट क्षेत्रवासियों ने घायलों को खाई से निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी लाया गया। डा. मनप्रीत सिंह व जेएस अधिकारी ने घायलों का उपचार कर बताया कि जगदीश सिंह नेगी की कुल्हे की हड्डी फ्रैक्चर हुई है। राजेंद्र राम के सिर में चोट है। चालक कमल व देवी दत्त पंत को मामूली चोटें आई हैं। चारों मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि कमलेश पंत बागेश्वर निवासी है जबकि चालक कमल व जगदीश नेगी देवीधुरा के रहने वाले है। राजेंद्र राम जीआइसी मूलाकोट में शिक्षक के पद पर तैनात है और वह जनकांडे के भौरा गांव निवासी है। दुर्घटना का कारण वाहन की अनियंत्रित गति व सड़क का खराब होना बताया जा रहा है।