पहाड़ी से गिरकर अधेड़ की मौत
जागरण संवाददाता,लोहाघाट : बाराकोट विकास खंड के पुनई गांव के अधेड़ की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। मालूम हो कि रविवार को पुनई गांव निवासी दयाल सिंह (45) रोज की तरह मवेशियों को लेकर जंगल गया हुआ था। जब देर सांय सभी मवेशी घर पहुंच गए और मृतक घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां ने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों ने देर रात तक उसकी जंगल में खोजबीन की परंतु उसका कहीं पता नहीं चल पाया। रात काफी होने के कारण लोगों ने सुबह खोजबीन करने का मन बनाया। सोमवार को दिन भर की खोजबीन के बाद ग्रामीणों को दोपहर 3 बजे करीब उधयोन ढुंगा नामक जगह के पास की खाई में मृतक का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम पारितोष वर्मा लोहाघाट को दी। एसडीएम ने थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी को घटना के स्थल लिए रवाना किया। घटना स्थल से दूरभाष पर थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की लाश 150 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई है। इसे रेस्क्यू टीम द्वारा रस्सों के सहारे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कर्मियों का रेस्क्यू अभियान जारी था। रेस्क्यू टीम में एसआई बीएम उप्रेती, जनार्दन भट्ट, नवीन जोशी सहित कई ग्रामीण अभियान में जुटे हुए थे। ग्रामीण जगदीश चन्द्र जोशी, दलीप ंिसह अधिकारी, राजू अधिकारी, भूपाल सिंह अधिकारी, जशोद सिंह अधिकारी, उदय सिंह अधिकारी आदि ने बताया मृतक अपनी 76 वर्षीय मां बेनी देवी के साथ रहता है। उसका एक लड़का है जो कही बाहर कार्य करता है।