किरन रिजिजू ने सीमा पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने भारत-तिब्बत सीमा से लगी भारत की चौकियों का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
जोशीमठ, [जेएनएन]: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने भारत तिब्बत सीमा से लगी भारत की अग्रिम सीमा चौकियों का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। बाद में उन्होंने आइटीबीपी के एक कार्यक्रम में औली में पौधे भी रोपे।
मंगलवार को जोशीमठ हेलीपैड से एमआइ-17 विमान से केंद्रीय मंत्री सीमा चौकी लपथल व रिमखिम पहुंचे। यहां पर उन्होंने सेना व आइटीबीपी के अधिकारियों, जवानों से मुलाकात की। इस दौरान सीमा पर भारत की ओर से संचालित गतिविधियों के बारे में भी केंद्रीय मंत्री ने जानकारी हासिल की।
उन्होंने आइटीबीपी व सेना के जवानों की हौसला अफजाई करते कहा कि विषम परिस्थितियों में भी जिस प्रकार सेना के जवान बॉर्डर पर देश की सुरक्षा कर रहे हैं यह प्रेरणा की बात है। तीन घंटे तक सीमा चौकियों का निरीक्षण करने के बाद केंद्रीय मंत्री विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली पहुंचे। यहां पर भारतीय पर्वतरोहण एवं स्कीइंग संस्थान से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
उन्होंने इस मौके पर जवानों के साथ साथ स्थानीय लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री श्री रिजिजू ने कहा कि उनका पहले से ही आइटीबीपी से लगाव रहा है। अरुणाचल, हिमाचल, लद्दाख, उत्तराखंड की दुर्गम चोटियों पर उन्होंने भ्रमण किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सुरक्षा बलों की सुविधाओं को मजबूत व विकसित करने जा रही है। इस अवसर पर कमांडेंट फस्ट बटालियन आइटीबीपी पीके तिवारी, आइटीबीपी के महानिरीक्षक एसएस गौरैया, प्रधानाचार्य पर्वतारोहण संस्थान गंभीर सिंह चौहान, कमल भारद्वाज, विजय सिंह चौहान, प्रेम सिंह रावत समेत कई अधिकारी मौजूद थे। दोपहर में केंद्रीय मंत्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।
यह भी पढ़ें: 19 सहायक सेनानायक सशस्त्र सीमा बल का हिस्सा बने
यह भी पढ़ें: गढ़वाल राइफल्स की एक और बटालियन आएगी अस्तित्व में: उप थल सेनाध्यक्ष शरथ चंद्र
यह भी पढ़ें: सीमा पर मानव व ड्रग तस्करी पर अंकुश को सख्त कदम : रिजिजू