महिला ने युवक पर धारदार हथियार से किया वार
गैरसैंण: गैरसैंण तहसील के दूरस्थ गांव छडीसैंण में एक महिला ने धारदार हथियार से युवक को घायल कर दिया।
गैरसैंण: गैरसैंण तहसील के दूरस्थ गांव छडीसैंण में एक महिला ने धारदार हथियार से युवक को घायल कर दिया। घायल युवक को सीएचसी गैरसैंण में भर्ती किया गया। वहीं युवक के परिजनों ने राजस्व पुलिस को तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार रोहिड़ा न्याय पंचायत के छड़ीसैंण गांव निवासी श्यामा देवी पत्नी पृथ्वी सिंह का बीते रविवार ग्रामीण नंदन सिंह (40) पुत्र गंगा सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला ने नंदन सिंह के सिर व चेहरे पर हसिया से वार कर दिया। घायल को 108 की सहायता से गैरसैंण लाया गया। जख्म गहरे होने पर टांके लगाए गए। घायल के चाचा लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के मध्य लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। बताया कि पूर्व में भी आरोपी परिवार ने नंदन सिंह के भाई पर हमला किया था और जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार को घायल के चाचा व मामा ने राजस्व चौकी मेहलचौरी में तहरीर देकर महिला पर कार्रवाई की मांग की।