वाहन में ओवर लोडिंग बना दुर्घटना का कारण
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: गुरुवार को लासी मोटर मार्ग पर मैक्स वाहन दुर्घटना से एक बार फिर परिवहन विभाग
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: गुरुवार को लासी मोटर मार्ग पर मैक्स वाहन दुर्घटना से एक बार फिर परिवहन विभाग के मानक और चैकिंग व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। नियमानुसार वाहन की क्षमता 10 लोगों को बैठाने की है, मगर इसमें 13 लोग सवार थे।
वाहन दुर्घटना के मामले में एक्सल टूटने की तकनीकी खामी सामने आई है। विशेषज्ञों की मानें तो एक्सल टूटने की घटना ओवरलोडिंग के कारण होती है। लासी से लौटते समय चार अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए थे। इस वजह से वाहन ओवरलोड हो गया। बतातें चले कि वाहन दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, पांच लोग गंभीर घायल हो गए।
आधे घटे जाम में फंसी रही एंबुलेंस
हाईवे पर जाम की वजह से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में देर लग गई थी। एंबुलेंस हाईवे पर जाम में फंस गया। जाम की बुरी स्थिति देख एक घायल को गोपेश्वर मार्ग पर एंबुलेंस से निकाल कार से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आधा घंटे बाद जाम खुलने पर एंबुलेंस गोपेश्वर रवाना हुई।
स्थानीय लोग बने मददगार
वाहन दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। निजी वाहनों से घायलों को चमोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि बाद में घायलों के परिजन व पुलिस भी मौके पर पहुंची मगर स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य को अंजाम दिया।