विस उपाध्यक्ष व डीएम ने कराया अनशन समाप्त
संवाद सहयोगी, गैरसैण: 13 दिन से गैरसैंण में 13 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन विधानसभा उपाध्य
संवाद सहयोगी, गैरसैण: 13 दिन से गैरसैंण में 13 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.अनुसूया प्रसाद मैखुरी व जिलाधिकारी अशोक कुमार की मौजूदगी में स्थगित हो गया है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर आंदोलन तुड़वाया।
गौरतलब है कि गैरसैंण में सीएम की घोषणाओं पर कार्यवाही न आने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने रामलीला मैदान में आमरण अनशन शुरू किया था। आमरण अनशन पर धन सिंह बिष्ट सातवें दिन भी डटे थे। जबकि अमरा देवी व विमला देवी भी आंदोलन के समर्थन में तीन दिनों से भूख हड़ताल पर थे। शुक्रवार को विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.अनुसूया प्रसाद मैखुरी व जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अनशनकारियों से वार्ता की। विधानसभा उपाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं अमल में लाई जा रही है। मौके पर ही नगर पंचायत भवन के लिए नौ लाख रुपए अवमुक्त करने सहित अन्य मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि कतिपय कारणों से यह घोषणा मुख्यमंत्री की घोषणा सूची में दर्ज नहीं हो पाई। जिलाधिकारी ने कहा उन्होंने कि इस बाबत पत्र मुख्यमंत्री को भेज दिया है। आंदोलनकारियों ने विधानसभा उपाध्यक्ष व जिलाधिकारी द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद जूस पीकर अनशन स्थगित करने की घोषणा की। इस अवसर पर जीएमवीएन के निदेशक सुरेश कुमार बिष्ट, सुरेंद्र सिंह नेगी, जानकी रावत, बृज लाल शाह, पुष्कर रावत सहित कई लोग उपस्थित थे।