वनों के सुरक्षित रहने से ही रहेगा स्वच्छ पर्यावरण
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण व विकास केंद्र की ओर से हापला घाटी के इंटर कॉलेज
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण व विकास केंद्र की ओर से हापला घाटी के इंटर कॉलेज गोदली में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसके अलावा पर्यावरण जागरुकता कार्यक्रम चलाकर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।
मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज गोदली में आयोजित पर्यावरण जागरुकता गोष्ठी में क्षेत्र के आठ से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। गोष्ठी में वनों के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा, जंगलों को आग से बचाने जैसे मसलों पर भी चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण व पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं को पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिये अभिव्यक्त किया। इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीतों व नृत्यों की भी छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुति दी। पेंटिंग प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण व विकास केंद्र की ओर से पुरस्कृत भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज जिस प्रकार विश्व का तापमान लगातार बढ़ रहा है, वह भविष्य के लिए खतरे की घंटी है। लिहाजा पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण कर ही इस समस्या से निपटा जा सकता है। छात्र-छात्राओं का आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर पर्यावरण शिक्षक धन सिंह घरिया, कलसीर के प्रधान हुकम सिंह नेगी, राइंका गोदली के प्रधानाचार्य आरसी शैलानी, विकास केंद्र के प्रबंध न्यासी ओमप्रकाश भट्ट, प्रदीप बिष्ट समेत कई लोग शामिल थे।