युवाशक्ति को जोड़कर सदस्यता अभियान में लाएं तेजी
संवाद सहयोगी, कर्णप्रयाग : कर्णप्रयाग ब्लॉक में कांग्रेस के सदस्यता अभियान को गति देने के लिए अभिया
संवाद सहयोगी, कर्णप्रयाग : कर्णप्रयाग ब्लॉक में कांग्रेस के सदस्यता अभियान को गति देने के लिए अभियान प्रभारी सुरेश बिष्ट की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई। इसमें सदस्यता अभियान के प्रभारी सुरेश बिष्ट ने कहा कि युवा शक्ति को कांग्रेस से जोड़कर सदस्यता अभियान में तेजी लाई जाएगी।
बैठक में तय किया गया कि सदस्यता अभियान न्याय पंचायत स्तर से प्रारंभ होगी और इसके लिए बैठकों की तिथियां घोषित की जाएंगी। इस मौके पर बूथ से दो सक्रिय सदस्य व न्याय पंचायत पर एक प्रभारी व सहप्रभारी की नियुक्ति कर कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए और युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने का आह्वान किया गया। विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. एपी मैखुरी ने कहा कि युवाशक्ति को सदस्यता अभियान में जोड़कर पार्टी मजबूत बनाई जाएगी और प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार की उपलब्धियां गांव-गांव पहुंचाने को कहा गया है। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गब्बर सिंह, रघुवीर सिंह, बलवीर चौहान, संदीप व महिला ब्लॉक अध्यक्ष रेनू नेगी आदि ने विचार रखे।
उधर, ब्लॉक यूथ कांग्रेस गैरसैंण कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूर्व राज्यमंत्री पृथ्वीपाल चौहान को राज्यसभा सदस्य बनाने की मांग उठाई है। इस मौके पर आयोजित बैठक में यूथ के दान सिंह ने कहा कि पृथ्वीपाल चौहान की पार्टी में सेवाओं को देखते हुए उनकी क्षमताओं का उपयोग करना चाहिए। ज्ञापन में सुरेन्द्र कुमार, देवेन्द्र, प्रदीप कुंवर, बिरेन्द्र सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।