चिपको आंदोलनकारी मंगुली देवी का निधन
गोपेश्वर : चिपको आंदोलनकारी व गांधी विचारधारा से जुड़े स्व.आनंद सिंह बिष्ट की पत्नी मंगुली देवी का देहांत हो गया है। अलकनंदा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में पत्रकारों के अलावा भारी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी व जन प्रतिनिधि शामिल हुए।
68 वर्षीय मंगुली देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थी। गोपेश्वर स्थित अपने आवास में उन्होंने अंतिम सांसें ली। चमोली स्थित अलकनंदा तट पर उन्हें उनके बेटों पत्रकार नंदन सिंह बिष्ट व महानंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी। चिपको आंदोलन के दौरान अपने पति आनंद सिंह बिष्ट के साथ मंगुली देवी ने भी कदम से कदम मिलाकर कार्य किया था। साथ ही पति की मौत के बाद वह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पति के आदर्शो को आगे बढ़ाती रही। मंगुली देवी के निधन पर मुख्यालय गोपेश्वर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें पत्रकारों, समाजसेवियों, जन प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, समाजसेवी उमाशंकर बिष्ट, पत्रकार क्रांति भट्ट, सुरेंद्र रावत, पुष्कर चौधरी, कृष्णा सेमवाल, हरीश खनेड़ा, जगदीश पोखरियाल, जोशीमठ के प्रमुख प्रकाश रावत आदि लोग शामिल थे।