राजजात:: वाण में उमड़ रहा यात्रियों का सैलाब
संवाद सूत्र, देवाल: राजजात को आबादी वाले अपने अंतिम पड़ाव वाण अभी 29 अगस्त की शाम पहुंचना है, लेकिन वहां देश के विभिन्न हिस्सों से यात्रियों व पर्यटकों का सैलाब अभी से उमड़ने लगा है। लिहाजा पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है। मैदानी क्षेत्रों से आए पर्यटक गांव के नैसर्गिक सौंदर्य पर अभिभूत हैं।
राजजात के वाण पहुंचने के बाद निर्जन पड़ाव शुरू हो जाएंगे। ऐसे में वही यात्री आगे बढ़ पाएंगे, जो शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हैं। इसके बावजूद मौसम अनुकूल रहने पर वाण से आगे जाने वाले यात्रियों की तादात बढ़ने की संभावना है। हालांकि, प्रशासन ने वाण से आगे जाने वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में हजारों लोगों को राजजात के दर्शन करने का मौका वाण में ही मिल पाएगा। यही वजह है कि अब तक वहां सात हजार के आसपास यात्री पहुंच चुके हैं। विभिन्न सामाजिक संगठन उनके खाने-ठहरने की व्यवस्था में जुटे हैं। लेकिन, सीमित संसाधनों के चलते यह नाकाफी ही साबित हो रहे हैं। ठहरने की उचित व्यवस्था न होने के कारण अधिकतर यात्री एवं पर्यटक खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। इन हालातों को देखते हुए आने वाले दिनों में वाण सहित राजजात के बाकी पड़ावों में यात्रियों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।