सरकार ने प्रदेश को माफिया के हाथों गिरवी रखा
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: ताजपोशी के बाद पहली बार अल्मोड़ा आगमन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिं
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: ताजपोशी के बाद पहली बार अल्मोड़ा आगमन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार पर सियासी हमले किए। उन्होंने कहा प्रदेश की त्रिवेंद्र रावत सरकार ने प्रदेश को खनन व शराब माफिया के हाथों गिरवी रख दिया है। शिखर होटल में आयेाजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के जनविरोधी फैसलों से राज्य का अहित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के जनविरोधी फैसलों का कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर तीव्र विरोध करेंगे। उनका कहना था कि बीते दिनों से लगातार महिलाएं शराब की दुकानें खोले जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं इससे बेखबर प्रदेश की सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए देशी व विदेशी शराब की दुकानों को खोलने का काम रही है। जिससे जनता में जबरदस्त रोष है।
=============
:: इनसेट
मोदी सरकार ने नौजवानों को ठगा
केंद्र की मोदी सरकार पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हमला बोला। उनका कहना था कि चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि हर नौजवान को रोजगार दिया जाएगा। अच्छे दिन आएंगे, वह लगातार अपने मन की तो बात सुना रहे हैं लेकिन जनता के मन की बात नहीं सुन रहे हैं। सरकार ने राज्य खाद्य सुरक्षा योजना में दिए जाने वाले राशन की कीमतें बढ़ाकर गरीबों के साथ अन्याय किया है। वहीं केंद्र सरकार ने चीनी पर सब्सिडी खत्म कर जनता के साथ अन्याय करने का काम किया है। जिसका कांग्रेस हर हाल में विरोध करेगी। कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार कांग्रेस फिर पूरी मजबूती के साथ उभरकर सामने आएगी। चारधाम को रेल मार्ग से जोड़ने की अब तक पहल न करने पर भी केंद्र सरकार को प्रदेश अध्यक्ष ने घेरा। उनका कहना था कि एक भी वादा केंद्र सरकार ने पूरा नहीं किया है।
=========
कार्यकर्ताओं को देंगे सम्मान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। इसके लिए वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को उनका खोया सम्मान वापस दिलाएंगे। सभी को साथ लेकर चलने की उनकी रणनीति काम आएगी। कहा कि जिन पदाधिकारियों को विस चुनाव में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। उनका पूरा प्रयास है कि उनको वापस लिया जाए। ताकि उनके अनुभवों का लाभ पार्टी को मिल सके। उनके साथ मुख्य रूप से पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व विधायक मनोज तिवारी तथा विधायक करन मेहरा आदि मौजूद रहे।