कुत्ते को मारने घर में घुसा तेंदुआ, बाथरूम में हुआ कैद
कोसी क्षेत्र में एक घर में तेंदुआ घुसने से लोगों में दहशत से हड़कंप मच गया। आनन फानन उसे बाथरूम में बंद कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने उसे पिंजरे में कैद किया।
अल्मोड़ा, [जेएनएन]: आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की धमक से लोग सहमे हैं। सोमवार को कुत्ते का पीछा करते हुए गुलदार (तेंदुअा) अल्मोड़ा के पास कोसी के एक घर के बाथरूम में जा घुसा। मकान मालिक ने हिम्मत कर दरवाजा बंद कर दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने गुलदार को बेहोश कर पिंजरे में कैद किया।
शहर के कोसी में बसंत सिंह का घर व रेस्टोरेंट है। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने कुत्ते के भौंकने और गुलदार के गुर्राने की आवाजें सुनीं। वे बाहर आए तो देखा गुलदार एक आवारा कुत्ते का पीछा कर रहा है। जान बचाने के लिए कुत्ता उनके घर के बाथरूम में घुस गया। उसके पीछे गुलदार भी वहीं पहुंच गया। तभी बसंत ने दरवाजा बंद कर दिया।
गुलदार और कुत्ता दोनों बाथरूम में कैद हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम करीब साढ़े सात बजे मौके पर पहुंची। टीम ने बाथरूम के दरवाजे में छेद कर ट्रैंकुलाइजर गन से गुलदार को बेहोश किया। रेंजर संचिता वर्मा ने बताया कि पकड़े गए गुलदार की उम्र करीब तीन साल है।
यह भी पढ़ें: पिंजरे में कैद हुर्इ मादा गुलदार, वन कर्मियों ने किया रेस्क्यू
यह भी पढ़ें: हमले से बेहोश वृद्धा को मरा जानकर जंगल में चला गया तेंदुआ
यह भी पढ़ें: रात भर तेंदुए के पीछे दौड़े ग्रामीण, जाते समय एक को किया घायल