अब जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सियासी शतरंज
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : ब्लाक प्रमुख के चुनावों के बाद अब राष्ट्रीय दलों के नेता जिला पंचायत के चुनावों में परचम फहराने के लिए मोहरे चलने लगे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों राष्ट्रीय पार्टियों जहां अपने पत्ते खोलते हुए अपने अपने प्रत्याशियों के नामांकन करा दिए हैं। वही रानीखेत क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों द्वारा बनाए गए संयुक्त मोर्चे ने डा. माया नेगी का नामांकन करा इस चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है।
ब्लाक प्रमुख के चुनावों में परचम फहराने के बाद अब कांग्रेस पार्टी के नेताओं की नजर जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर हैं। इधर पिछले परिणामों को ध्यान में रखते हुए भाजपा भी इन चुनावों में फूंक फूंक कर कदम रख रही है। दोनों राष्ट्रीय पार्टियों ने नामांकन के दिन अपने अपने पत्ते खोले और अपने उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं। कांग्रेस पार्टी ने पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता मोहन मेहरा की पत्नी पार्वती मेहरा को उम्मीदवार बनाया है तो भाजपा ने नीमा बंगारी का नामांकन कराया है। जबकि संयुक्त मोर्चे की ओर से रानीखेत जिले जिला पंचायत सदस्यों ने डा. माया नेगी का नामांकन कराया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर जहां दोनों पार्टियां एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। वहीं समर्थन का आंकड़ा पाने के लिए भी दोनों पार्टियां कड़ी मशक्कत कर रही हैं। जिला पंचायत के चुनावों में जीत का परचम किसके सिर पर बंधेगा। यह तो वक्त ही बताएगा। लेकिन फिलहाल राजनीति के इस समर में मोहरे चलने का दौर जारी है।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::
जिपं सदस्यों ने बनाया संयुक्त मोर्चा
अल्मोड़ा: जिला पंचायत के चुनावों को लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। जिले की चौखुटिया, रानीखेत, भिकियासैंण और सल्ट विकास से जीतकर आए जिला पंचायत सदस्यों ने इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए संयुक्त मोर्चे का गठन कर लिया है। जिसमें भाजपा, उक्रांद और निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य मौजूद हैं। संयुक्त मोर्चे के जिला पंचातय सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा है कि उनके प्रत्याशी के पास जीत के लिए पर्याप्त समर्थन है। संयुक्त मोर्चा ही जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में फतह हासिल करेगा। उन्होंने कहा है कि भाजपा और उक्रांद के सभी जिपं सदस्य संयुक्त मोर्चे के प्रत्याशी को अपना समर्थन देंगे।
राजेंद्र नेगी ने छोड़ा कांग्रेस का दामन
अल्मोड़ा : सल्ट विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता और संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके राजेन्द्र नेगी ने कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़ दिया है। नेगी अपनी पत्नी डा. माया नेगी के लिए कांग्रेस पार्टी से उपाध्यक्ष का टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी द्वारा उनकी उपेक्षा के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया है। नेगी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने उनकी लंबी सेवा का प्रतिफल देने के बजाय उनकी उपेक्षा की है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर क्षेत्रवाद फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस के आला नेता दूरस्थ विकास खंड के जनप्रतिनिधियों को आगे नहीं आना देना चाहते। कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकेगा। इधर इस घटनाक्रम के बाद रानीखेत क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों द्वारा बनाए गए संयुक्त मोर्चे ने नेगी की पत्नी डा. माया नेगी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाते हुए उनका नामांकन कराया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल व प्रदेश पार्षद प्रताप रावत ने कहा है संयुक्त मोर्चे को समर्थन देते हुए भाजपा की नीमा बंगारी डा. माया नेगी के समर्थन में अपना नाम वापस लेंगी।