उर्धेश्वर के जंगल में मिली अधेड़ की लाश
राजस्व पुलिस ने पंचनामा भरकर परिजनों को सौंपा शव
जासं, दन्यां: तहसील भनोली के अन्तर्गत दन्यां के समीप उधेश्वर मंदिर में एक अधेड़ की लाश बरामद हुई है। राजस्व पुलिस ने लाश की शिनाख्त कर पंचनामा भरने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
राजस्व पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गल्ली के तुलना तोक निवासी चतुर सिंह पुत्र धन सिंह 50 वर्ष 24 जुलाई को सायं दन्यां बाजार से घर को जा रहा था। बाजार से लगभग एक किमी दूर उर्धेश्वर के जंगल में स्वास्थ्य खराब होने से एक पेड़ की आड़ में बैठ गया और वहीं पर मर गया। घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी ढूंढ खोज की। शनिवार की प्रात: राह चलते लोगों की नजर पेड़ के नीचे बैठे उस पर पड़ी और उसे मृत पाया। लोगों की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक दीप तिवारी, नवीन सनवाल, ग्राम प्रधान डीके जोशी सहित अनेक लोग घटना स्थल पर पहुंचे। लाश की शिनाख्त चतुर सिंह के रूप में हुई। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गये। लाश पर कहीं भी चोट के निशान नहीं पाये गये। परिजनों की अनुरोध पर राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उन्हें सौंप दिया। समझा जा रहा है कि विपरीत मौसम के चलते घर जाते समय सायंकाल चतुर सिंह को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई।