केंद्र सरकार का फूंका पुतला
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए नया मार्ग खोलने को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया है। कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कैलास यात्रा के लिए पुराने मार्ग को ही बनाए रखने की मांग की।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के चौघानपाटा में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नया मार्ग खोलना प्रदेश के लोगों की धार्मिक भावना के साथ सीधा आघात है। इसके कारण धार्मिक भावना के साथ-साथ यहां की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा। वक्ताओं ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के उत्तराखंड में 10 पड़ाव पड़ते हैं। यात्रा के बंद होने के बाद इन पड़ावों के लोगों की आजीविका पर फर्क पड़ेगा। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार को यात्रा को नया मार्ग खोलने के बजाय उत्तराखंड के यात्रा मार्ग को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश को धनराशि मुहैया करानी चाहिए। नगर अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने कहा है कि प्रदेश के पांचों सांसदों को इस मामले में केंद्र सरकार पर दबाव बनाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने इस फैसले के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका और जमकर नारेबाजी की। इधर पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री केवल सती ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की है।
पुतला दहन कार्यक्रम में भूपेंद्र भोज, संदीप जंगपांगी, अमर बिष्ट, राजीव कर्नाटक, अमन अंसारी, कवींद्र पंत, निजाम कुरैशी, रमेश भाकुनी, निजाम कुरैशी, हेम तिवारी, हिमांशु तिवारी, जीवन चम्याल, संदीप नयाल, बिलाल खान, जगदीश चुफाल, सुंदर बिष्ट, अंकित जोशी समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।