देवस्थल में बनेगा वृद्धाश्रम, भूमि पूजन
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: निकटवर्ती हवालबाग ब्लाक के देवस्थल शिव मंदिर के समीप वृद्धाश्रम बनेगा। इसके ल
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: निकटवर्ती हवालबाग ब्लाक के देवस्थल शिव मंदिर के समीप वृद्धाश्रम बनेगा। इसके लिए ग्रामसभा पांखुड़ा ने निश्शुल्क भूमि दी है। शनिवार को विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रघुनाथ सिंह चौहान ने भूमि पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि माता-पिता व बुजुर्ग सामाजिक व्यवस्था के स्तंभ हैं। वह लोग बहुत खुशनसीब हैं, जिन्हें इनका सानिध्य मिलता है।
चौहान ने कहा कि भारत सरकार को बुजुर्गो की समस्याओं की चिंता है। इसी चिंता से वृद्धाश्रम खोले जा रहे हैं, जिनमें से एक देवस्थल में भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा पांखुड़ा ने मुफ्त जमीन देकर पुण्य का काम किया है। इस आश्रम के लिए उन्होंने विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि असंवेदनशीलता के इस दौर में युवाओं को ऐसे संस्कार अपने अंदर ग्रहण करने होंगे, जिससे पुरानी संयुक्त परिवार की परंपरा पुनर्जीवित हो सके। उन्होंने गोदावरी गिरि महाराज के नाम से आश्रम बनाने के निर्णय को उचित ठहराया। उन्होंने कहा कि आश्रम के निर्माण में हर संभव सहयोग दिया जाएगा और विभागों से समन्वय बनाकर सहयोग के लिए कहा जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी जेएस नगन्याल ने कहा कि जिला प्रशासन वृद्धाश्रम के लिए यथोचित सहयोग देगा और इसमें आने वाली हर समस्या का समाधान होगा। मंदिर के महंत बृहस्पति गिरि महाराज ने कहा कि लंबे समय से वृद्धाश्रम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और लोगों की भावनाओं का सम्मान हुआ है। आगे भी इसके निर्माण में सहयोग अपेक्षित है। इस मौके पर यूपी सरकार के सचिव जेसी उप्रेती, उत्तराखंड सरकार के रिटायर सचिव एमसी जोशी, मंदिर के महाराज श्याम गिरि, समुद्र गिरि, विक्रम गिरि, मंगल गिरि, जमदग्नि गिरि, जगदीश अनंत गिरि, भाजपा के जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, तुलसी चौहान, राधिका जोशी, उप प्रधान महिपाल सिंह, गोकुल मेहता, पूरन मेहता, बालम सिंह भाकुनी, हेमा मेहता समेत तमाम लोग शामिल हुए।