गांव को हरा-भरा करेंगे सेवानिवृत्त एसीएफ
संवाद सहयोगी, दन्यां: किसी बड़े ओहदे से रिटायर होने के बाद अधिकांश लोग मैदानी क्षेत्रों और महानगरों म
संवाद सहयोगी, दन्यां: किसी बड़े ओहदे से रिटायर होने के बाद अधिकांश लोग मैदानी क्षेत्रों और महानगरों में बसना पसंद करते हैं। मगर उप वन संरक्षक पद से रिटायर होने के बाद अपने गांव आकर वन पंचायत को संरक्षित करने का संकल्प लेने वाले व्यक्ति बिरले ही मिलते हैं।
विकासखंड धौलादेवी के अन्तर्गत सरयू घाटी में ग्राम मयोली निवासी गणेश जोशी गत सप्ताह पूर्व उप वन संरक्षक पद से रिटायर हुए हैं। रिटायर होने के बाद उन्होंने अपने गांव मयोली में ही बसने की ठानी है। गांव में बसने की ही नहीं वरन उजाड़ हो चुकी यहां की वन पंचायत को नए सिरे से संवारने और हरा भरा करने का भी उन्होंने संकल्प लिया है। गणेश जोशी की इस अभिनव सोच को देखते हुए वन पंचायत मयोली के सदस्यों ने विगत तीन माह से रिक्त सरपंच के पद पर उन्हें निर्विरोध सरपंच चुन लिया। सरपंच के चयन की प्रक्रिया में राजस्व उप निरीक्षक दीप तिवारी ने वन पंचायत नियमावली के अनुसार वन पंचायत मयोली का विधिवत पुनर्गठन किया। पुनर्गठन में गणेश सनवाल, राजन चंद्र पंत, गणेश दत्त, हरीश राम, पूरन राम, रमेश चंद्र सहित चार महिलाओं को सदस्य मनोनीत किया गया। सरपंच बनने के बाद गणेश जोशी ने समस्त ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि वन संपदा से लबालब मयोली वन पंचायत को नये सिरे से हरा भरा कर एक आदर्श वन पंचायत बनाने का उनका ध्येय है। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश जोशी, ग्राम प्रधान हरीश राम, बाल किशन, लीलाधर जोशी, गोपाल दत्त जोशी सहित अनेक जन प्रतिनिधि उपस्थित हुए। उन्होंने पूर्व उप वन संरक्षक के इन प्रयासों की सराहना की है।