वादाखिलाफी कर प्रशासन ने खुलवाई शराब की दुकान
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : महिलाओं के आंदोलन के बाद हुई समझौता वार्ता के बाद भी शराब की दुकान खुल गई।
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : महिलाओं के आंदोलन के बाद हुई समझौता वार्ता के बाद भी शराब की दुकान खुल गई। दुकान खुलने की जानकारी पर महिलाओं में फिर रोष पनपने लगा है। उन्होंने तत्काल दुकान नहीं हटाए जाने पर बाजार बंद, चक्काजाम और आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी है।
द्वाराहाट में शराब की दुकानें खोलने के विरोध में विजयपुर, घग्लोड़ी व दैरी ग्राम पंचायतों की महिलाएं आंदोलनरत हैं। प्रशासन फिर भी दो बार दुकानें खुलवा चुका है। आक्रोशित महिलाओं ने पिछले दिनों तहसील कार्यालय में तालाबंदी तक कर दी थी। तहसीलदार नितेश डागर के दुकानें न खोले जाने के आश्वासन के बाद बमुश्किल महिलाएं मानी। लेकिन चार दिन बाद ही बाजार में एक बार फिर शुक्रवार देर शाम शराब की दुकान खोल दी गई। शनिवार की सुबह भनक लगते ही महिलाओं का पारा फिर चढ़ गया। दैरी की प्रधान पुष्पा त्रिपाठी, घघलोड़ी की हंसी देवी व विजयपुर की प्रधान हेमा देवी आदि तहसील पहुंची। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि प्रशासन क्षेत्रीय जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहा। चेतावनी दी कि तत्काल दुनागिरी रोड से शराब की दुकानें नहीं हटाई गई तो बंद, चक्काजाम के साथ आत्मघाती निर्णय लेने को मजबूर होंगी।