कार गहरी खाई में गिरी, पांच घायल
संवाद सहयोगी, दन्यां: दन्यां से सात किमी दूर कांडानौला के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में
संवाद सहयोगी, दन्यां: दन्यां से सात किमी दूर कांडानौला के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शनिवार दोपहर ढाई बजे पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही आल्टो कार संख्या यूके 05- टीए 0677 दन्यां से सात किमी दूर कांडानौला के पास अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में चालक सहित छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी भनोली फिंचा राम चौहान, थानाध्यक्ष रमेश बोहरा दल-बल के साथ और स्थानीय लोग अपने वाहन लेकर मौके पर पहुंच गये। घायलों को बमुश्किल खाई से बाहर निकाला और 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में भर्ती किया गया। घायलों में शेर सिंह धामी (41) पुत्र नारायण सिंह धामी निवासी लुन्ठ्यूड़ा पिथौरागढ़ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त लक्ष्मण सिंह कार्की (40) पुत्र त्रिलोक सिंह कार्की निवासी कासनी पिथौरागढ़, प्रकाश चौसली (41) पुत्र दयाकृष्ण निवासी चौबाटी डीडीहाट, करतार मेघवंशी पुत्र छितरमल निवासी टिहरी किशनगढ़ अजमेर राजस्थान, रवींद्र सिंह (34) पुत्र दीवान सिंह देवलथल पिथौरागढ़ घायल हुए हैं। वाहन का चालक सूरज कुमार (23) पुत्र पुष्कर सिंह एंचोली पिथौरागढ़ को चोट नहीं आई है। चालक ने बताया कि वाहन मालिक का नाम राम सिंह पुत्र विजय सिंह लिंक रोड पिथौरागढ़ है।
-----------
सेना की ड्यूटी में जा रहा था लक्ष्मण
दन्यां: कासनी पिथौरागढ़ निवासी 5 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात लक्ष्मण सिंह कार्की ने बताया कि वह छुट्टी पूरी होने के बाद ड्यूटी में जा रहे थे। कांडानौला के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। दुर्घटना के कारण के बारे में वे भी सही नहीं बता पाये। बताया जा रहा है कि वाहन ओवरलोड था।