सच्चे मन से करें जगदंबा की अराधना
संवाद सहयोगी, चौखुटिया: गेवाड़ घाटी के प्रसिद्ध अगनेरी मैया मंदिर परिसर में श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्
संवाद सहयोगी, चौखुटिया: गेवाड़ घाटी के प्रसिद्ध अगनेरी मैया मंदिर परिसर में श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की धूम मची है। गांव-गांव से पहुंचकर श्रद्धालु कथा का श्रवण कर रहे हैं। चौथे दिन मंगलवार को भी कथा पंडाल लोगों से भरा रहा। व्यास कैलाश चंद्र सुयाल ने कहा कि दैवीय शक्ति के माध्यम से ही शुद्ध अंत:करण में प्रभु का पावन अवतरण होता है।
इसलिए हमें सच्चे मन व समर्पण भाव से भगवान की अराधना जरूर करनी चाहिए। उन्होंने देवी की कृपा को अपरंपार बताते हुए कहा कि जो भी भक्त उनकी शरण में जाता है, उसकी मनोकामना अवश्य ही पूर्ण होती है। व्यास ने लोगों को महापुरुषों के पौराणिक कथाओं के श्रवण के लिए प्रेरित किया एवं कहा कि इससे जीवन में सुख-शांति मिलती है। यदि मानव एक बार भी कथा का श्रवण कर ले तो जीवन धन्य हो जाता है।
कथा के बीच-बीच में संगीत की सुमधुर रसधारा से माहौल भक्तिमय बना है। शाम को नित्य गंगा आरती उतारी जा रही है। आज भी रामगंगा नदी का पावन तट असंख्य दीपों से जगमगा उठा। कथा में मुख्य यजमान पूरन सिंह थापा सपरिवार शामिल हैं। कथा को संपन्न कराने में डा. कुलदीप बिष्ट, दरवान सिंह, ध्यान सिंह बिष्ट, दान सिंह कुमयां, महादेव बिष्ट, जीवन सिंह नेगी, दयाल मेहरा व पंडित नंदा बल्लभ जोशी समेत आस-पास के ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं।