गौरा महोत्सव से माहौल भक्तिमय
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ब्लॉक लमगड़ा के गणाऊं ग्राम में पांच दिवसीय लोक पर्व गौरा महोत्सव शुरू हो गया
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : ब्लॉक लमगड़ा के गणाऊं ग्राम में पांच दिवसीय लोक पर्व गौरा महोत्सव शुरू हो गया है। इस महोत्सव को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। दिन में झोड़ा-चांचरी गाकर मनोरंजन हो रहा है तो सांझ ढलते ही आध्यात्मिक भजन कीर्तन से गौरा-महेश की महिमा का यशोगान किया जा रहा है। गौरा महोत्सव का आयोजन ग्राम पंचायत के
पंचायत घर में किया जा रहा है। गणेश पूजन के साथ पांच दिनों तक चलने वाले गौरा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव के चलते ग्राम का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दिन में जहां झोड़ा-चांचरी गायन का दौर चल रहा है, वहीं शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। सुबह व शाम को मां गौरा की आरती उतारी जाती है। इस आयोजन में ग्राम पंचायत गणांऊ के अलावा आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं भी उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रही हैं। इधर ग्रामोत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भट्ट का कहना है कि गौरा महोत्सव का कुमाऊं के लोक पर्वो में विशेष महत्व है। इस माह में महिलाएं मां गौरा का स्तुतिगान कर सुख-समृद्धि व निरोगी काया की कामना करती हैं। इस आयोजन में कलावती भट्ट, खीला भट्ट, राधिका भट्ट, मुन्नी भट्ट, गीता जोशी, माधवी जोशी, पूजा देवी, तन्नू देवी, रेनू देवी, पिंकी देवी, भावना देवी, लता देवी व ज्योति देवी विशेष योगदान दे रही हैं।