भाजपा पर प्रहार, कांग्रेस की मजबूती पर जोर
संवाद सहयोगी, रानीखेत : भाजपा की सक्रियता के बीच कांग्रेसियों ने मिशन 2017 को लक्ष्य मान रणनीति तेज
संवाद सहयोगी, रानीखेत : भाजपा की सक्रियता के बीच कांग्रेसियों ने मिशन 2017 को लक्ष्य मान रणनीति तेज कर दी है। इसके तहत अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ बूथ स्तर पर मजबूती देने का निर्णय लिया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक करन माहरा ने मुख्यमंत्री की योजनाओं का लाभ अंतिम गांव तक पहुंचाने के लिये पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सक्रिय होने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र की उपेक्षा तथा राज्य में राष्ट्रपति शासन से पैदा हुए हालात से भी जनता को अवगत कराने पर जोर दिया।
जैनोली न्याय पंचायत स्थित सैमधार में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाजपा की चौतरफा घेराबंदी के साथ राज्य सरकार की योजनाओं को अधिक प्रचारित करने पर बल दिया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव व माहरा ने भाजपा पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए एकजुट होकर 2017 में कांग्रेस को पुन: सत्ता में लाने के लिये जुटने की जरूरत बताई। वरिष्ठ व युवा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल को भी कहा।
संचालन कर रहे प्रदेश सचिव त्रिभुवन सिंह फत्र्याल ने आगामी विस चुनाव जीतने के लिये मिशन के रूप में लेने का आह्वान किया। कहा कि मुख्यमंत्री की कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचा उसका लाभ दिलाना होगा। वरिष्ठ कांग्रेसी बचे सिंह देव, जिलाध्यक्ष महेश आर्या, कनिष्ठ प्रमुख अंबादत्त पंत, प्रधान गिरधर सिंह मेहरा, हरी सिंह नेगी, हरक सिंह, मुन्ना सिंह, गोपाल राम, हरीश राम, किशन राम, गोपाल सिंह मेहरा, मोहन बिष्ट, अरविंद सती, आनंद फत्र्याल, बिशन टनवाल, नंदन माहरा आदि ने भी विचार रखे।