कुमाऊंनी संस्कृति सेवी सम्मान होगा शुरू
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : इस बार से कुमाऊंनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति कुमाऊंनी संस्कृति
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : इस बार से कुमाऊंनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति कुमाऊंनी संस्कृति सेवी सम्मान की शुरुआत करने जा रही है। यह सम्मान कुमाऊंनी भाषा पर लमगड़ा ब्लॉक में स्थित प्रसिद्ध कल्याणिका आश्रम डोल में इसी माह होने वाले तीन दिनी राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदान किया जाएगा। समिति ने बैठक कर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। इसके अलावा कुमाऊंनी लेखन पर शेर सिंह मेहता उपन्यास पुरस्कार दिया जाएगा।
सम्मेलन के लिए 23, 24 व 25 अक्टूबर की तिथियां तय हैं। आयोजन कल्याणिका आश्रम के संस्थापक बाबा कल्याण दास के सहयोग से हो रहा है। समिति के डॉ. हयात सिंह रावत ने बताया कि इस दफा यह सम्मान चार लोगों को मिलेगा। निर्णायकों नवीन बिष्ट, नीरज पंत, व कैलाश डोलिया ने लोक गायिका माहेश्वरी बिष्ट, लता पांडे व दीवान कनवाल तथा हुड़का वादक चंदन बोरा को सम्मान देने का निर्णय लिया है। सम्मेलन में कविता, कहानी व कुमाऊंनी उपन्यास लेखन को बढ़ावा देने के लिए शेर सिंह मेहता उपन्यास पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न के रूप में किसी कुमाऊंनी साहित्यकार का फोटो देने की परंपरा है। इस दफा सालम क्षेत्र के कुमाऊंनी साहित्यकार स्व. केदार सिंह कुंजवाल की फोटो प्रतीक चिह्न के रूप में देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में कुमाऊंनी भाषा का इतिहास, इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने व भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में मर्ज करने पर मुख्य रूप से चर्चा होगी और भावी रणनीति तय की जाएगी। इसमें कुमाऊंनी भाषा प्रेमी, साहित्यकार व संस्कृति कर्मियों के साथ ही विधायक व सांसद आमंत्रित होंगे।