घंटे-घड़ियालों से गूंज उठे शिवालय
जागरण संवाददाता, चौखुटिया: सावन मास में शिव पूजा का खास महत्व है। पूरे महीने भर शिवालय-ओम नम: शिवाय
जागरण संवाददाता, चौखुटिया: सावन मास में शिव पूजा का खास महत्व है। पूरे महीने भर शिवालय-ओम नम: शिवाय के स्वरों से गुंजायमान रहते हैं। हर सोमवार को महिलाएं व्रत रखकर शिव की आराधना करती हैं। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को भी क्षेत्र के तमाम शिव मंदिरों में खूब चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं ने शिव निमित व्रत रखकर भोले शंकर की पूजा-अर्चना की एवं जलाभिषेक किया।
प्रात:काल से प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का पहुंचने का क्रम शुरू हो गया, जो दोपहर तक चलता रहा। इस दौरान लोगों ने शंख-ध्वनि के बीच शिव की पूजा-अर्चना की एवं महिलाओं ने मनवांछित फल प्राप्ति के लिए जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति के लिए पंडितों से शिव पाठ भी संपन्न कराए। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन भी हुए तथा भोग भी लगाए गए।
यहां बाजार क्षेत्र के रतनेश्वर महादेव मंदिर फुलई, बैराठेश्वर शिव मंदिर, बबलेश्वर धाम, प्रयागेश्वर महादेव मंदिर व अखेती शिवालय में खासी भीड़-भाड़ रही। गनाई-अखेती मंदिर में शाम को महिला मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तनों ने खूब रंग जमाया। इस दौरान प्रसाद वितरण भी हुआ। वहीं रामपुर के त्रिवेणी महादेव मंदिर, मासी भूमियां मंदिर, तड़ागेश्वर शिव मंदिर, छित्ताड़ व गनियां-पानी समेत तमाम मंदिरों में भी चहल पहल रही।