थानाध्यक्ष के पक्ष में आए व्यापारी
अल्मोड़ा : बीते दिनों भाजपा नेताओं द्वारा लमगड़ा थानाध्यक्ष पर अपने कार्य में अनियमितता बरतने की तोहमत
अल्मोड़ा : बीते दिनों भाजपा नेताओं द्वारा लमगड़ा थानाध्यक्ष पर अपने कार्य में अनियमितता बरतने की तोहमत के बाद अब व्यापारी थानाध्यक्ष के समर्थन में आगे आ गए हैं। व्यापारियों ने कहा है कि इस मामले में द्वेष की भावना के कारण राजनीति की जा रही है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल से मिले एक शिष्टमंडल ने कहा है कि लमगड़ा के थानाध्यक्ष पिछले लंबे समय से कानून व्यवस्था का दुरुस्त रखने के उद्देश्य से जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग उन्हें बेवजह परेशान करने का कार्य कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है। व्यापारियों ने कहा है कि पूर्व में इन्हीं लोगों द्वारा लमगड़ा में थाना खोलने का विरोध किया था। अब यहीं लोग ईमानदार कर्मचारियों को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि थानाध्यक्ष पर लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को दरकिनार कर थानाध्यक्ष की तैनाती लमगड़ा में ही रहने दी जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनका स्थानांतरण किया गया तो व्यापारी सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।
एसपी से मिले शिष्टमंडल में मुन्नी देवी, कमला देवी, संजय कनवाल, हरीश रावत, बसंती देवी, दीपक मलाड़ा, दिनेश चंद्र, पूरन सिंह, धन सिंह, हरीश वर्मा, बालम सिंह समेत अनेक व्यापारी मौजूद थे।