जंगल आग की चपेट में
चौखुटिया: बारिश न होने से जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती चली जा रही हैं। बीते कुछ दिनों से एक के
चौखुटिया: बारिश न होने से जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती चली जा रही हैं। बीते कुछ दिनों से एक के बाद एक जंगल आग की चपेट में आ रहे हैं। रविवार को भी यहां आसपास के कई जंगलों में आग लगी है। इससे वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। जल स्रोतों के सूखने का भी खतरा है। आग बुझाने के प्रयास भी विफल साबित हो रहे हैं।
रविवार को विकास खंड अंतर्गत धुधलिया बिष्ट, उड़लीखान, नागाड़, गैल-गबोली व रमनागांव समेत आसपास के जंगल धू-धूकर जल रहे हैं। इससे पूर्व कई अन्य जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं। कुछ स्थानों पर तो वन विभाग कर्मी व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कहीं-कहीं भीषण आग के चलते इसे बुझा पाना मुश्किल है। ऐसे में आग आगे बढ़ती चली जा रही है।
शुरुआती दौर में पंचायती जंगल आग की चपेट में हैं। वहीं कहीं-कहीं वन विभाग के जंगलों में भी आग लग गई है। इससे पेड़-पौधों के साथ-साथ अन्य वन संपदा नष्ट होते जा रही है। यूं तो इस वर्ष सीजन में समय-समय पर हुई बारिश से आग लगने की घटनाएं देर से शुरू हुई, लेकिन बीते कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगल जलने शुरू हो गए हैं।