अचानक डोलने लगी धरती, सिहर उठे लोग
अल्मोड़ा : अपै्रल महीने की 25 तारीख, खुला मौसम और चटख धूप। रोज की तरह सामान्य जनजीवन। दस बजे तक दफ्तर
अल्मोड़ा : अपै्रल महीने की 25 तारीख, खुला मौसम और चटख धूप। रोज की तरह सामान्य जनजीवन। दस बजे तक दफ्तरों में कर्मचारियों की मौजूदगी और कामकाज शुरू। स्कूलों में बच्चे पढ़ाई में व्यस्त तो महिलाएं घरों के कामकाज को समेटने की जुगत में व्यस्त। तभी 11 बजकर 41 मिनट का समय, अचानक धरती ने डोलना शुरू कर दिया। घरों और दफ्तरों में सामान हिलने लगे, कम्प्यूटर, पंखे, पानी से भरे बर्तन सभी आवाज करने लगे। लगने लगा कि भूकंप आ गया। अफरा तफरी मची और लोग घरों और दफ्तरों से बाहर दिखाई दिए।
शनिवार को नेपाल में आए जबर्दस्त भूकंप से अल्मोड़ा की धरती भी डोल गई। हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन भूकंप के झटके रोंगटे खड़े करने को काफी थे। पहले ही झटके से लोग सहमे हुए थे। डर इतना कि लोग घरों और दफ्तरों के अंदर में जाने से डर रहे थे। तभी 12 बजकर 20 मिनट पर फिर भूकंप के झटके महसूस होने लगे। पूरे नगर में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग टीवी और अन्य माध्यमों से भूकंप की जानकारी लेने में जुट गए। पता चला कि भूकंप का केंद्र नेपाल में है, तो वहां हुए नुकसान से लोग और सकते में आ गए। कुछ ही मिनटों में दिल्ली और अन्य महानगरों में रहने वाले लोगों के फोन घनघनाने भी शुरू हो गए। पूरे उत्तर भारत में आए झटकों के कारण लोगों को अपने परिजनों की चिंता भी सताने लगी। पूरे नगर में भूकंप को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया। जो देर शाम तक चलता रहा।