शराब अड्डे पर छापा, मदिरा जब्त
संवाद सहयोगी, ताड़ीखेत : बाहरी राज्यों से तस्करी कर उत्तराखंड में प्रतिबंधित मदिरा उतारे जाने के खिला
संवाद सहयोगी, ताड़ीखेत : बाहरी राज्यों से तस्करी कर उत्तराखंड में प्रतिबंधित मदिरा उतारे जाने के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक रणनीति बना ली है। इसके तहत आबकारी महकमे की विभिन्न टीमें गठित संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत ब्लॉक रोड क्षेत्र में छापा मार टीम ने 10 पेटी देसी व विदेशी की दो पेटियां जब्त की हैं। आरोपी दुकानदार फरार बताया जा रहा है।
राजस्व को क्षति पहुंचा रहे शराब तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसने लगा है। डीएम व जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर बीती देर रात टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान अवैध कारोबार की सूचना पर ब्लॉक रोड क्षेत्र में छापा मारा गया। आबकारी निरीक्षक तारा चंद्र पुरोहित के मुताबिक राजेंद्र सिंह की दुकान से 10 पेटी देसी तथा दो पेटी अंग्रेजी मदिरा की जब्त कर ली गई।
अचानक हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसी दरमियान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिानियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। निरीक्षक पुरोहित ने बताया कि तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
=== पैकेज ===
'नश बेचणी मालामाल, घर हमार बर्बाद हुनीं..'
- गुपचुप एसडीएम दफ्तर पहुंची पिलखोली की महिलाएं
- बोलीं - साहब! शराब माफिया उजाड़ रहे घर
जागरण संवाददाता, रानीखेत : 'सैब! घर-घर तक पुजुनेई शराब.. ठुल मैस तै भयै नांतिन लै बिगड़नेई..रुपै-शरीर खतम, सैणियां (महिलाएं) लिजी र्वाट पकूंड़ मुश्किल हैगो। ..नश बेचणी मालामाल हुनीं, घर हमार बर्बाद हुनीं..सैब हामौर घर बचै दियो..।' पुरुष प्रधान समाज की विवशता में आक्रोश तो नशे में धुत अपनों की दशा देख हालात से हारी महिलाएं उप जिलाधिकारी दफ्तर पहुंची तो शराब से उपजी पीड़ा भी छलक उठी।
बाजार से खरीदारी का बहाना कर पिलखोली क्षेत्र की कुछ महिलाएं गुपचुप उप जिलाधिकारी कार्यालय जा पहुंची। आंचल में छिपाए वह शिकायती पत्र निकाला जिसमें नशे की गिरफ्त में आ रहे पुरुष व बच्चों की हालत बयां की गई थी। नाम न छापने की शर्त इस गोपनीय पत्र से इतर उन्होंने बताया कि पिलखोली क्षेत्र में शराब की कोई दुकान नहीं है। मगर तस्कर घर-घर दारू पहुंचा रहे।
एक महिला ने बताया कि शराब बेच कर तस्कर तो मालामाल हो रहे लेकिन उनके पुरुष व अन्य युवा पीढ़ी पैसे के साथ अपनी सेहत बर्बाद करने में लगे हैं। इन हालातों में महिलाओं के लिए घर चलाना, रोटी बनाना भी दूभर हो गया है। यह भी खुलासा किया कि दुकानों में भी शराब एकत्र कराई जा रही है। इससे युवा भी बिगड़ने लगे हैं। उन्होंने प्रशासन से शराब की अवैध बिक्री पर रोक के लिए कड़ी कार्रवाई की गुहार भी लगाई।