बर्फ में फिसला पैर, मजदूर की मौत
संवाद सहयोगी, ताड़ीखेत (रानीखेत) : सुदूर सौनी क्षेत्र में बर्फ से पटी पगडंडी ने श्रमिक की जान ले ली।
संवाद सहयोगी, ताड़ीखेत (रानीखेत) : सुदूर सौनी क्षेत्र में बर्फ से पटी पगडंडी ने श्रमिक की जान ले ली। मजदूरी घर लौट रहा ग्रामीण पैर फिसलने से तकरीबन 300 फिट गहरी खाई में जा गिरा। अंदरूनी गंभीर चोट पहुंचने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसका शव दूसरे दिन बरामद हो सका। इधर परिजनों में कोहराम मच गया।
बीती मंगलवार के तड़के क्षेत्र में जबर्दस्त हिमपात से अभी भी तमाम इलाकों में बर्फ पूरी तरह नहीं पिघली है। ऊपर से पाला गिरने के कारण पैदल ही नहीं बल्कि मोटर मार्ग भी हादसे का सबब बन गए हैं। गत दिवस कौस्तुभानंद उपाध्याय (48) पुत्र विष्णु दत्त निवासी सौनी कुछ ही दूर बिनसर महादेव मंदिर के समीप मजदूरी कर शाम के वक्त घर लौट रहा था। सौनी-देवलीखेत पैदल मार्ग पर पगडंडी में बर्फ पर पैर फिसल जाने के कारण वह लगभग 300 फिट गहरी खाई में जा गिरा। सीधी पहाड़ी में टकराते हुए गिरने की वजह से उसे अंदरूनी गंभीर चोट पहुंची। नतीजतन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चूंकि वह अकेला था लिहाजा उसके फिसलकर खाई में गिरने का पता ही नहीं लग सका। देर रात तक भी जब कौस्तुभानंद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। रात में ढूंढा भी गया लेकिन कुछ नहीं पता नहीं लगा। अगले दिन उधर से गुजर रहे लोगों की नजर गहरी खाई में पड़ी तो हड़कंप मच गया। गांव के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने शव की शिनाख्त की और बमुश्किल उसे ऊपर लाया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी बेसुध हो गई। मृतक की एक पुत्री व दो पुत्र तथा भाई भी है। गमगीन माहौल में उसकी अंत्येष्टि कर दी गई।