पेड़ के नीचे दबकर युवक की मौत
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: निकटवर्ती माल गांव में पेड़ के नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। शव का पंचनाम
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: निकटवर्ती माल गांव में पेड़ के नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम करने के बाद देर सायं उसकी अंत्येष्टि कर दी गई। इस हादसे में युवक के परिजन सदमे मे हैं।
जानकारी के अनुसार निकटवर्ती माल गांव निवासी अर्जुन सिंह (18)अत्यधिक ठंड के कारण निकटवर्ती जंगल में लकड़ी लेने गया हुआ था। वहां वह हिमपात से टूटे चीड़ के भारी भरकम पेड़ को काटने लगा। इसी बीच पेड़ का एक हिस्सा अलग होकर अर्जुन सिंह के ऊपर आ गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे की इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो वह मौके पर पहुंचे और फिर उन्होंने 108 आपात वाहन को मौके पर बुलाया। उसे उपचार के लिए तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और देर सायं निकटवर्ती विश्वनाथ शमशान घाट पर उसकी अंत्येष्टि कर दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक अर्जुन सिंह के पिता शेर सिंह का कई साल पूर्व निधन हो चुका है। उसका छोटा भाई अभी स्कूल पढ़ता है। उसकी विधवा मां खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करती है। जवान बेटे की मौत से उसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वह सदमे की हालत में है।