भ्रष्टाचार मिटाने का संस्थान ने लिया संकल्प
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: जीबी पंत हिमालय पर्यावरण एवं विकास संस्थान कोसी-कटारमल के निदेशक डा. पीपी
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: जीबी पंत हिमालय पर्यावरण एवं विकास संस्थान कोसी-कटारमल के निदेशक डा. पीपी ध्यानी ने संस्थान के सभी कार्मिकों से कार्यशैली में पारदर्शिता लाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सतर्कता सप्ताह के शुभारंभ मौके पर भ्रष्टाचार से तौबा करने की शपथ दिलाई। साथ सभी से दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
पर्यावरण संस्थान में राष्ट्रीय सतर्कता सप्ताह शुरू हो गया। इस मौके पर संस्थान के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों व शोधार्थियों को संबोधित करते हुए निदेशक डा. पीपी ध्यानी ने कहा कि संस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना होगा और इसके लिए कार्यशैली में पारदर्शिता जरूरी है। इस संबंध में भारत सरकार के नीति व निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करके संस्थान उच्च शिखर छुएगा। उन्होंने कहा कि शोध कार्य हो, वित्तीय या प्रशासनिक कार्य हो अथवा कोई अन्य कार्य। सभी में बेहद ईमानदारी व कर्तव्य परायणता के साथ काम करना होगा, तभी राष्ट्रीय सतर्कता सप्ताह सार्थक होगा। इस मौके पर उन्होंने संस्थान के कार्मिकों को भ्रष्टाचार उन्मूलन का पाठ पढ़ाते हुए प्रतिज्ञा दिलाई। कार्मिकों ने ऐसा ही संकल्प लेकर प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिक, शोधार्थी, कर्मचारी उपस्थित थे।