पहाड़ी खिसकने सेकाफलीखान-भनोली मार्ग बंद
जागरण संवाददाता, काफलीखान/ अल्मोड़ा : यहां पलौली गांव के समीप पहाड़ी खिसकने से काफलीखान-भनोली मोटर मार
जागरण संवाददाता, काफलीखान/ अल्मोड़ा : यहां पलौली गांव के समीप पहाड़ी खिसकने से काफलीखान-भनोली मोटर मार्ग पर कई टन मलबा आ गया है, जिससे इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। हादसे में जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इस मार्ग पर करीब एक दर्जन वाहन फंसे हुए हैं। उन्हें अब अन्य वैकल्पिक मार्गो से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। मार्ग बंद होने की सूचना पर स्थानीय प्रशासन व लोनिवि विभाग के अधिकारी देर सायं हरकत में आ गए और मलबे को हटाने के लिए उनके द्वारा मौके पर जेसीबी भेजवाने की व्यवस्था की जा रही है।
काफलीखान-भनोली मोटर मार्ग पर पलौली गांव के समीप पहाड़ी खिसकने की यह घटना दोहपर करीब साढ़े बारह बजे के आसपास बताई जा रही है। उस वक्त चटख धूम खिली थी। इस क्षेत्र में दो दिनों तक लगातार बारिश हुई और गुरूवार को तेज धूप निखरने के बाद यह वाकया पेश आया। माना जा रहा है तेज धूप के कारण चट्टानों में खिचाव के कारण पहाड़ी पर भूस्खलन की घटना हुई है। क्षेत्र के ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों द्वारा इस घटना की सूचना जिला मुख्यालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम तथा लोनिवि अधिकारियों को दी गई है। सूचना मिलने के बाद हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने तुरंत अपने ठेकेदारों से संपर्क साध कर मौके की ओर जेसीबी भिजवाने की व्यवस्था की जा रही है। देर सायं समाचार लिखे जाने तक जेसीबी मौके पर नहीं पहुंच पायी थी।
ग्रामीणों के मुताबिक मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर भी सड़क पर गिरे हैं। जिस कारण मार्ग शीघ्र खुलने के आसार बहुत कम नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि अत्यधिक पहाड़ी खिसकने से अत्यधिक मलबा आने के कारण कल तक मार्ग खुलने के कोई आसार नहीं हैं। जिस स्थान पर यह घटना हुई है वहां पर सड़क के ऊपर बड़ी बड़ी चट्टान हैं जिससे यहां पर पैदल आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी जल्द तैयार नहीं किया जा सकता है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस बारे में पूछे जाने पर एसडीएम भनोली अनिल चन्याल ने कहा कि जैसे ही काफलीखान-भनोली मार्ग पर पहाड़ी खिसकने की सूचना मिलते ही लोनिवि निर्माण खंड के अधिकारियों को मौके पर जेसीबी भिजवाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एससी आर्या ने बताया कि जेसीबी मौके पर भिजवायी जा चुकी है जो सायं साढ़े सात बजे तक वहां पहुंच जाएगी। इसके साथ ही सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।