अधिकारी समस्याओं को गंभीरता से लें: डीएम
जागरण संवाददाता, चौखुटिया: अधिकारी जन समस्याओं को गंभीरता से लेकर अपने स्तर से उनका निस्तारण करने का भरसक प्रयास करें। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी आम व्यक्ति तक अवश्य पहुंचाएं। यह बात जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने शुक्रवार को विकास खंड परिसर में आयोजित में बहुउद्देश्यीय शिविर में कही। इस दौरान छह दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज हुई। कई का मौके पर निदान किय गया।
जिलाधिकारी ने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का भी निरीक्षण किया एवं कर्मचारियों का जरूरी दिशा-निर्देश भी दिये। मुख्य अतिथि विधायक मदन सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में अधिकारियों व कर्मचारियों से विकास योजनाओं व कार्यो के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कहा कि जन समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाना चाहिये। इस दौरान लोगों ने उन्हें समस्याओं पर आधारित मांग पत्र भी दिये।
शिविर में पूरे दिनभर काफी भीडभाड़ रही। इस दौरान समस्याओं पर आधारित 77 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई व वृद्धावस्था के करीब 38 पेंशन प्रपत्र जमा हुए। गौरा देवी कन्या धन योजना के 12 व परित्यागता पेंशन के 2 प्रपत्र भरे गये। जबकि 7 स्थाई निवास व 25 विकलांगता प्रमाण पत्र भी निर्गत किये गये। संचालन एसडीएम एनएस नबियल ने किया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख बिशन राम, बाला दत्त तिवारी, सीडीओ डा. अहमद इकबाल, डीडीओ दामोधर पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हेमंत जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्रा चौहान, बीडीओ पंकज कांडपाल, एडीओ कमल मेहरा व कृपाल बिष्ट समेत सभी विभागों के अधिकारी गण मौजूद थे।
इंसैट में:
नहीं मिल पाई परिवार रजिस्टर की नकल
सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की ड्यूटी ग्राम पंचायतों में चल रहे उप प्रधान के निर्वाचन कार्य में लग जाने से वे शिविर में नहीं पहुंच सके। इसके चलते लोंगों को परिवार रजिस्टर की नकल नहीं मिल पाई। नतीजा अनेक लाभार्थी अपने पेंशन संबंधी या अन्य प्रपत्र जमा नहीं कर पाये। ऐसे में लाभार्थी निराश देखे गये।
परिसर में बैठे लोगों से भी मिले डीएम
आज डीएम विनोद कुमार सुमन ने शिविर स्थल में बैठे सभी लोगों से भी मिलने का प्रयास किया तथा उनकी समस्यायें जानीं। कहा कि उनकी हर समस्या का निदान किया जाएगा। साथ ही लोगों को प्रधानमंत्री जनधन योजना में खाता खोलने के लिये भी प्रेरित किया।