बदहाल सड़कों पर सफर खतरनाक
- गड्ढों में तब्दील मजखाली-अल्मोड़ा हाईवे बना तलैया
- ब्लॉक मुख्यालय में पथुली-मंडलकोट रोड बनी हादसे का सबब
रानीखेत/ ताड़ीखेत : मूसलाधार बारिश में भूस्खलन के खतरों के बीच बदहाल सड़कें हादसे का सबब बन गई हैं। पुनर्निर्माण की बाट जोह रहा मजखाली-अल्मोड़ा हाईवे के गड्ढों में जलभराव से जहां सफर खतरनाक हो गया है। वहीं ताड़ीखेत में ब्लॉक मुख्यालय के ठीक सामने पथुली-मंडलकोट रोड कीचड़ से बेहाल है। इसमें कई राहगीर व दोपहिया वाहन चोटिल तक हो चुके हैं।
बरसात में पर्वतीय अंचल के संपर्क मार्ग ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग भी बदहाली का दंश झेल रहे हैं। विभागीय लापरवाही से गड्ढों में तब्दील मजखाली-अल्मोड़ा हाईवे पर जबर्दस्त जलभराव से हालात बद्तर हो गए हैं। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा ताड़ीखेत ब्लॉक मुख्यालय के ठीक सामने से गुजरने वाली पथुली-मंडलकोट मोटर मार्ग भी विभागीय लापरवाही को उजागर कर रहा है। समय रहते सड़क की मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्य पूरे न किए जाने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आलम यह है कि बरसात से मिट्टी व कीचड़ से पट चुकी इस रोड से गुजरना दूभर हो गया है। कई राहगीर व दोपहिया वाहन चालक फिसल कर चोटिल भी हो चुके हैं।