भुजान में फिर भूस्खलन
:::: जोखिम में जान ::::::
- खैरना-रानीखेत स्टेट हाईवे चार घंटे ठप
- चौथी बार दरकी कलवाड़ी की पहाड़ी, सैंकड़ों वाहन फंसे
रानीखेत : मानसून का दबाव बढ़ते ही डेंजर जोन भुजान में हालात दिन-ब-दिन बिगड़ने लगे हैं। अतिसंवेदनशील कलवाड़ी की पहाड़ी से चौथी बार भू-स्खलन से स्टेट हाईवे के लिए खतरा पैदा कर दिया है। ऊपरी भू-भाग के कहर बन टूटने के बाद ठीक नीचे उफनाती कोसी
सुरक्षा दीवारों को हिलाने लगी है। इधर भू-स्खलन से राजमार्ग चार घंटे ठप रहा। नतीजतन जाम में फंसे सैंकड़ों वाहन चालकों व यात्रियों की जान भी संकट में फंसी रही।
अंतरजनपदीय सीमा पर डेंजर जोन भुजान में सोमवार को कलवाड़ी की पहाड़ी चौथी बार दरक गई। प्रात: छह बजे फिर भूस्खलन हो गया। जिससे करीब चार घंटे सैंकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। मलवा हटाने को जेसीबी मौके पर तो थी लेकिन बार भू-स्खलन होने से मशीन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद बमुश्किल लगभग 10 बजे यातायात सुचारु हो सका।